महिला कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दिया ज्ञापन
देवास। महिला कांग्रेस जिला देवास ग्रामीण द्वारा जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष श्रुति बघेल के नेतृत्व में उत्तराखंड की बेटी स्व. अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी कनेक्शन की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति महोदया के नाम कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। सोशल मीडिया के राहुल सिंह ठाकुर खोखरिया ने बताया कि इस दौरान भोपाल चौराहा स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप मोमबत्तियां जलाकर धरना दिया गया तथा मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई गई। ज्ञापन में बताया कि उत्तराखंड की बेटी स्व. अंकिता भंडारी की हत्या का मामला पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोरने वाला है। मामले में दोषियों को सजा मिलने के बावजूद कथित वीआईपी कनेक्शन को लेकर उठ रहे सवालों और पीड़ित परिवार द्वारा लगातार न्याय की मांग किए जाने के चलते प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। न्याय व्यवस्था में आम नागरिकों का विश्वास बनाए रखने के लिए जरूरी है कि मामले से जुड़े प्रत्येक तथ्य की निष्पक्षता से जांच हो तथा किसी भी व्यक्ति को उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक संबंधों के आधार पर संरक्षण नहीं मिले। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी कनेक्शन की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। प्रकरण से संबंधित सभी साक्ष्यों, बयानों और तथ्यों की पड़ताल कर सच्चाई सामने लाई जाए। इस दौरान साधना प्रजापति, मीणा अली फानी, मेघा चौहान, सुलोचना कोटरिया, दीपेश हरोड़े, कृष्णा बाई मालवीय, बलवान सिंह चौहान, राहुल ठाकुर, शाबाश शेख, शाहिद खान, समीर शाह, कृष्णा बाई, प्रीति विश्वकर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।

0 Comments